लाठीचार्ज के बाद प्रशासन हुआ सक्रिय: SDM और CO ने किया खाद गोदामों का निरीक्षण, किसानों को मिला राहत का भरोसा

लाठीचार्ज के बाद प्रशासन हुआ सक्रिय: SDM और CO ने किया खाद गोदामों का निरीक्षण, किसानों को मिला राहत का भरोसा

धौरहरा, लखीमपुर खीरी।

रिपोर्ट/- कमल किशोर तिवारी 

फरधान थाना क्षेत्र में खाद लेने पहुंचे किसानों पर हुए लाठीचार्ज के वायरल वीडियो ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी। वीडियो में देखा गया कि पुलिसकर्मी एक किसान को बेरहमी से पीट रहे हैं और बीच-बचाव में आई उसकी बुजुर्ग मां तक को नहीं बख्शा गया। घटना से आक्रोशित किसानों ने लखीमपुर-मोहम्मदी हाईवे जाम कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।



मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया, जिसके बाद प्रशासन तेजी से हरकत में आया। जिलाधिकारी लखीमपुर खीरी दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश पर उपजिलाधिकारी धौरहरा शशिकांत मणि त्रिपाठी और क्षेत्राधिकारी (CO) शमशेर बहादुर सिंह ने संयुक्त रूप से खाद वितरण केंद्रों पर औचक निरीक्षण शुरू किया।


निरीक्षण के क्रम में धौरहरा सहकारी साधन समिति केंद्र पर अधिकारी दल-बल के साथ पहुंचे। मौके पर उपलब्ध सभी दस्तावेजों की गहनता से जांच की गई, जिसमें खाद वितरण प्रक्रिया में कोई अनियमितता नहीं पाई गई। बावजूद इसके, किसानों की भीड़ और बढ़ते दबाव को देखते हुए अधिकारियों ने सुधारात्मक कदम उठाए।


प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब खाद वितरण केवल भूमि रकबे के आधार पर पारदर्शिता से किया जाएगा। इसके साथ ही खाद वितरण प्रक्रिया को बेहतर बनाने और मौके पर निगरानी रखने के लिए सदर लेखपाल को तैनात किया गया है।


उपजिलाधिकारी शशिकांत मणि ने कहा, “किसानों के साथ किसी भी प्रकार की बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन किसानों को समय पर और पारदर्शी तरीके से खाद मुहैया कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही करता पाया गया तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।”

Post a Comment

Previous Post Next Post