डनलप और बाइक की भीषण भिड़ंत में 22 वर्षीय युवक की मौत, गांव में मचा कोहराम
पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा युवक का शव तो परिजनों की चीख-पुकार से गूंज उठा गांव, पुलिस की मौजूदगी में कराया गया अंतिम संस्कार
ईसानगर (लखीमपुर खीरी)। जनपद लखीमपुर खीरी के विकासखंड ईसानगर क्षेत्र के अंतर्गत हसनपुर कटौली के पास डनलप और मोटरसाइकिल के बीच हुई जोरदार टक्कर में 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान लालू पुत्र भग्गू निषाद, निवासी ग्राम दुर्गापुर पड़री के रूप में हुई है। युवक की असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हसनपुर कटौली के पास डनलप और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि मोटरसाइकिल सवार लालू पुत्र भग्गू निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना पाकर पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा शव, परिजनों में मचा कोहराम
युवक की मौत की खबर जैसे ही ग्राम दुर्गापुर पड़री पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध नजर आया।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लगभग दोपहर 3 बजे मृतक लालू का शव उसके घर पहुंचा। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का विलाप देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। गांव के बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए मृतक के घर पहुंचे।
पुलिस टीम की मौजूदगी में कराया गया अंतिम संस्कार
घटना के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की गई। मौके पर पहुंचे पुलिस टीम के इंचार्ज योगेश कुमार चौधरी और दीवान सुरेंद्र कुमार पाल ने मौके पर पहुंचकर परिजनों एवं ग्रामीणों के बीच आवश्यक कार्रवाई कराते हुए अंतिम संस्कार संपन्न कराया।
महज 22 वर्ष की उम्र में लालू की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया।
