घायल महिला के लिए देवदूत बने SHO खैरीघाट, पेश की मानवता की मिसाल
रिपोर्ट - विनोद श्रीवास्तव
बहराइच / खैरीघाट। पुलिस की वर्दी में अक्सर सख्ती देखी जाती है, लेकिन शुक्रवार को खैरीघाट थाने के प्रभारी निरीक्षक ने मानवता की ऐसी मिसाल पेश की कि देखने वाले भी दंग रह गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2:40 बजे थाना खैरीघाट प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह नित्य की भांति क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान ग्राम थैलियां मार्ग पर सड़क किनारे एक वृद्ध महिला दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में सड़क पर पड़ी हुई थी।
महिला की पहचान गायत्री देवी पत्नी सुरेश लोध, उम्र लगभग 55 वर्ष, निवासी ग्राम थैलियां, थाना खैरीघाट, जनपद बहराइच के रूप में हुई। वह दुर्घटना के बाद काफी देर से सड़क पर ही पड़ी थीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बिना एक क्षण गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचकर मानवता का परिचय दिया। उन्होंने स्वयं अपने हाथों से घायल माता जी को उठाया और निजी वाहन से तत्काल पास स्थित डॉ. शिव शरण सिंह के अस्पताल ले गए, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है।
प्रभारी निरीक्षक द्वारा किए गए इस मानवीय कार्य की क्षेत्र में चारों ओर सराहना हो रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने कहा कि जहां लोग अक्सर दुर्घटना देखकर अनदेखा कर देते हैं, वहीं SHO साहब ने देवदूत बनकर एक माँ की जान बचाई है।
फिलहाल महिला की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
