कमचियरा-मंसौदा संपर्क मार्ग पर जलभराव, बारावफात से पहले सफाई की मांग

 बहराइच: कमचियरा-मंसौदा संपर्क मार्ग पर जलभराव, बारावफात से पहले सफाई की मांग



बलहा विकास खंड अधिकारी को ग्रामीणों ने सौंपा प्रार्थना पत्र


बहराइच। बलहा विकास खंड क्षेत्र के कमचियरा-मंसौदा संपर्क मार्ग पर पिछले कई दिनों से जलभराव व कीचड़ की समस्या बनी हुई है। मार्ग पर पानी भरने से ग्रामीणों व राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर ग्रामीणों ने सोमवार को खंड विकास अधिकारी बलहा को प्रार्थना पत्र देकर साफ-सफाई कराने की मांग की है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार कमचियरा से मंसौदा को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग मुख्य आवागमन का साधन है। बरसात के बाद नाली चोक होने और पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने से सड़क पर घुटने भर तक पानी भर गया है। जगह-जगह कचरा जमा होने से दुर्गंध भी फैल रही है।


ग्रामीणों का कहना है कि आगामी 28 अगस्त को बारावफात (ईद-ए-मिलादुन्नबी) का त्योहार है। इस मौके पर इसी मार्ग से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाता है। अगर समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो जुलूस निकालने में काफी दिक्कत होगी और लोगों को कीचड़ भरे पानी से होकर गुजरना पड़ेगा।


ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र में मांग की है कि त्योहार को देखते हुए संपर्क मार्ग की तत्काल सफाई कराई जाए, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए और मार्ग पर मिट्टी/खड़ंजा डलवाकर आवागमन सुगम बनाया जाए।


प्रार्थना पत्र देने वालों में अलाउद्दीन , मुबारक, नफीस,नसीम, मेराज , आरिफ समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।


इस संबंध में खंड विकास अधिकारी बलहा ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मौके का निरीक्षण कर सफाई कार्य शुरू कराया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post