आभूषण निर्माता कल्याण समिति का चुनाव सम्पन्न, शानू लाला बने अध्यक्ष
अजय फैजावादी ब्यूरो बहराइच
टी वी इण्डियन न्यूज़ / अभी तक सुपर फास्ट हिंदी समाचार पत्र
बहराइच। नगर में आभूषण निर्माता कल्याण समिति का चुनाव शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। अध्यक्ष पद के लिए हुए सीधे मुकाबले में शानू लाला ने शानदार जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समिति के अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों के बीच मुकाबला था। शनिवार को हुए मतदान के बाद देर शाम मतगणना हुई। मतगणना में शानू लाला को 164 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कन्हैया सोनी को 65 वोटों से संतोष करना पड़ा। चुनाव के दौरान 3 मत अवैध घोषित किए गए।
99 मतों के भारी अंतर से जीत दर्ज करने के बाद परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ नवनिर्वाचित अध्यक्ष शानू लाला का फूल-मालाओं से स्वागत किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष शानू लाला ने कहा कि यह जीत पूरी समिति की जीत है। उन्होंने सभी मतदाताओं, पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समिति के हित में निष्पक्ष, ईमानदार एवं समर्पित भाव से कार्य करेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगे।
