ढखेरवा पुलिस की नाकामी: हादसा चौकी के ठीक सामने, फिर भी चुप्पी

 ढखेरवा पुलिस की नाकामी: हादसा चौकी के ठीक सामने, फिर भी चुप्पी।

रिपोर्ट - कमल किशोर तिवारी 

धौरहरा खीरी: 1 मई 2026 की शुक्रवार शाम को ढखेरवा चौराहे पर बजाज एजेंसी के सामने हुई सड़क दुर्घटना को पूरे एक सप्ताह से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की गिरफ्तारी या वाहन जब्ती जैसी कोई ठोस कदम अब तक नहीं उठा। तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो युवकों को बुरी तरह कुचल दिया था, जो अब भी अस्पताल में इलाजरत हैं। आरोपी चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि घटनास्थल ढखेरवा पुलिस चौकी से महज चंद कदम दूर था।


रामप्रवेश (अमरनाथ का पुत्र, मैलानी निवासी) और अजय पाल (राधेश्याम का पुत्र, इंद्रा नगर कैमहरा, थाना नीमगांव) बाइक (नंबर UP 31 BW 2674) पर सवार होकर बहराइच जिले के बबनिया गांव में बारात में शरीक होने जा रहे थे। चौराहे पर पहुंचते ही अचानक तेज गति से आते ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को जबरदस्त ठोकर मारी। धक्के की तीव्रता इतनी थी कि दोनों युवक सड़क पर कई फीट दूर उछलकर गिर पड़े और गंभीर चोटें खा लीं। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद ढखेरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रमियाबेहड़ ले जाया गया।

पुलिस-प्रशासन की सुस्ती पर गुस्सा भड़का


घटना के कई दिन गुजर जाने के बावजूद उच्च अधिकारियों की ओर से कोई सक्रियता न दिखने से लोगों में रोष व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का नंबर, चालक की पहचान और वाहन मालिक की पूरी डिटेल आसानी से उपलब्ध है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी जांच का आधार बन सकते हैं, लेकिन प्रशासन की 'कुंभकर्ण नींद' से कोई कार्रवाई नहीं हो रही। अवैध ओवरलोड ईंट ट्रॉली सड़कों पर बेखौफ दौड़ रही हैं, जिसकी जिम्मेदारी परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस पर आती है।

लोगों का आरोप है कि अधिकारियों की ढिलाई से चालकों का मनोबल आसमान छू रहा है, जिसके चलते बार-बार हादसे हो रहे हैं। घायल युवकों के परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन आला अफसर मौन साधे हैं।

ढखेरवा चौकी प्रभारी पुष्कर वर्मा ने इस प्रकरण पर बताया कि पीड़ितों की ओर कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया जबकि पीड़ित पक्ष कोई भी कार्यवाही नहीं चाहता था और अपनी बाइक चौकी से ले गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post