पढ़ुआ थाना क्षेत्र में अलग-अलग दो बड़े सड़क हादसे, छात्रा की मौत, कई घायल,
रिपोर्ट/- कमल किशोर तिवारी
धौरहरा, खीरी
पढ़ुआ, खीरी। थाना पढ़ुआ क्षेत्र में सोमवार सुबह अलग-अलग स्थानों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों ने इलाके में सनसनी फैला दी। एक हादसे में बोर्ड परीक्षा देने जा रही कक्षा 10 की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई,
जबकि कई छात्र-छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे हादसे में दो बसों की आमने-सामने टक्कर में भी कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों की मैजिक ट्रक से टकराई
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे ढखेरवा-धौरहरा हाईवे मार्ग पर जीएस सिंह धर्म कांटे के पास छात्रों से भरी एक मैजिक वाहन की सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि उमा देवी पब्लिक स्कूल के करीब 17 छात्र-छात्राएं मैजिक वाहन से मां गायत्री विद्या मंदिर में बोर्ड परीक्षा देने जा रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे में कक्षा 10 की छात्रा चंचल की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य कई छात्र-छात्राएं घायल हो गए, जिनमें लगभग पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
दो बसों की आमने-सामने टक्कर, कई घायल
इसी क्षेत्र में एक अन्य सड़क हादसे में दो बसों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में भी कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।


