महाशिवरात्रि के पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील।
अभी तक सुपर फास्ट न्यूज
संवाददाता,गुरमीतसिंह
सिंगाही खीरी,थाना परिसर में महाशिवरात्रि के महापर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी मनीष कुमार सिंह ने की, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, मंदिर समितियों के पदाधिकारियों एवं संभ्रांत व्यक्तियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान थाना क्षेत्र में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विभिन्न मंदिरों से निकाली जाने वाली शिव बारात एवं जुलूस के संबंध में संभावित समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
मार्ग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जुलूस निर्धारित मार्ग एवं समय के अनुसार ही निकाला जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा न करने की भी हिदायत दी गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से पर्व को आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद कय्यूम, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रदीप पुरवार, श्याम मोहन दीक्षित, सभासद रामनरेश गुप्ता साथ में पत्रकार बंधु सहित गांव व क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

