बाराबंकी में समलैंगिक प्रेम का मामला,विवाहिता की सहेली ने कहा- पहले ही कर चुकी हैं शादी, अब साथ रहेंगी
संवाददाता /- सुनील कुमार सिंह
बाराबंकी में एक अनोखा मामला सामने आया है। हैदरगढ़ के एक गांव में विवाहिता से मिलने उसकी महिला मित्र पहुंची। दोनों ने कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।घटना 24 अगस्त की है, जब विवाहिता के पति मजदूरी पर गए थे। परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम कर रहे थे। शाम को जब परिवार वापस लौटा, तो दरवाजा बंद मिला। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला।
ग्रामीणों के एकत्र होने और दरवाजा तोड़ने की तैयारी के बाद महिला ने दरवाजा खोला। उसके साथ एक अन्य युवती थी। युवती ने बताया कि वे दोनों एक-दूसरे को पसंद करती हैं। उन्होंने पहले ही विवाह कर लिया है। वह या तो विवाहिता के साथ उसकी ससुराल में रहेगी या उसे अपने साथ ले जाएगी।मामला बिगड़ता देख पीआरवी और थाने के दारोगा राकेश यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस विवाहिता, उसके पति और युवती को कोतवाली ले गई। वहां से सभी को उनके घर भेज दिया गया। प्रभारी कोतवाल शिव अजोर मिश्र ने बताया कि फिलहाल मामला शांत है।
