भक्त शिरोमणि डॉ. संजय कुमार सिंह के प्रयास से भट्ट पुरवा कला में शिव मंदिर का निर्माण, 21 जुलाई को प्राण-प्रतिष्ठा समारोह"
धौरहरा खीरी :
दिल्ली के सुप्रसिद्ध शिवभक्त और पेशेवर डॉक्टर, डॉ. संजय कुमार सिंह, पुत्र श्री सत्य कुमार सिंह, ने अपने पैतृक गांव भट्ट पुरवा कला में नीलेश्वर नाथ महादेव मंदिर का भव्य निर्माण करवाया है। सावन माह के पावन सोमवार, 21 जुलाई को इस मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का आयोजन होगा। यह पावन कार्य चार विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार और वैदिक विधियों के साथ संपन्न किया जाएगा।
डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व मध्यरात्रि में उन्हें एक दिव्य स्वप्न आया था, जिसमें स्वयं भगवान नीलकंठ महादेव ने दर्शन देकर एक भव्य शिवलिंग की स्थापना का संकेत दिया। इस अलौकिक स्वप्न के बाद उनकी नींद उड़ गई और तभी से उन्होंने मन में संकल्प लिया कि वे भोलेनाथ के लिए एक भव्य मंदिर बनाएंगे।
संकल्प के साथ उन्होंने दिन-रात मेहनत कर मंदिर निर्माण का कार्य आरंभ किया और अब उस संकल्प को पूर्ण करते हुए, सावन के पावन अवसर पर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस मंदिर का नाम "नीलेश्वर नाथ महादेव मंदिर" रखा गया है।
यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा आध्यात्मिक उत्सव भी बनने जा रहा है। ग्रामीणों और भक्तों में इस समारोह को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
